मेराल: गढ़वा-चिनिया मुख्य मार्ग पर पेशका चौक के समीप गुरुवार को दो मोटरसाइकिलों की टक्कर के बाद कथित प्रतिबंधित मांस बरामद होने से मामला चर्चा में आ गया। हादसे में मांस ले जा रहा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए गढ़वा भेजा गया। बताया गया कि दूसरा बाइक सवार बढ़की आहर तालाब के पास कथित मांस फेंककर फरार हो गया। सूचना पर थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तालाब से मांस बरामद कर जब्त किया। ग्रामीणों ने थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मांस को पशु चिकित्सा पदाधिकारी की देखरेख में सील कर विधि विज्ञान प्रयोगशाला, रांची जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

