विशुनपुरा मुख्यालय के पोखरा चौक स्थित विष्णु मंदिर परिसर में करीब 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले छठ घाट सौंदर्यीकरण योजना का शिलान्यास रविवार को भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनंत प्रताप देव ने नारियल फोड़कर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि वर्ष 2009 में विधायक रहते हुए उन्होंने विशुनपुरा क्षेत्र को विकास के नक्शे पर लाने का प्रयास किया था। उस समय विशुनपुरा को उपेक्षित क्षेत्र के रूप में देखा जाता था, लेकिन लगातार प्रयासों के माध्यम से क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया गया।
उन्होंने कहा कि विशुनपुरा को रमना, नगर उंटारी और मझिआंव से पक्की सड़कों के माध्यम से जोड़ने का कार्य किया गया, जिससे क्षेत्र में आवागमन के साथ विकास को भी गति मिली।
वोट की नहीं, दिल जीतने की राजनीति करता हूं
विधायक ने कहा कि राजनीति में अक्सर लोग वोट लेने की राजनीति करते हैं, लेकिन वे क्षेत्र की जनता को अपने परिवार का हिस्सा मानते हैं और जनता का दिल जीतने की राजनीति में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मांग और क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप विकास योजनाओं को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि घटवरिया घाट के चौड़ीकरण और विष्णु मंदिर के सौंदर्यीकरण का कार्य भी जल्द कराने का प्रयास किया जाएगा। वहीं हरिजन टोला की करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क के निर्माण का भरोसा भी ग्रामीणों को दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जरूरी विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की दिशा में प्रयास जारी रहेगा।
बिजली और मंईयां सम्मान योजना की गिनाईं उपलब्धियां
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना से जोड़कर आर्थिक सहायता देने का कार्य किया गया है।
बिजली व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र के लोगों को काफी कम समय बिजली मिलती थी, जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पूरे जिले में करीब 22 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया गया है।
विधायक ने कहा कि अगली बार विशुनपुरा आने पर वे क्षेत्र के लिए नई विकास योजना लेकर आएंगे। उन्होंने ग्रामीणों से मिले सुझावों और मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
पीएम किसान और अस्पताल में डॉक्टरों की कमी का मुद्दा उठा
विधायक ने कहा कि प्रखंड के पीएम किसान योजना से वंचित अथवा योजना से बाहर हुए पात्र लाभुकों के नाम दोबारा जोड़ने के लिए संबंधित स्तर पर मांग रखी गई है। जल्द ही समस्या का समाधान कर पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने विशुनपुरा अस्पताल में चिकित्सकों की कमी का मुद्दा भी उठाया। विधायक ने कहा कि अस्पताल में डॉक्टरों की कमी दूर कराने की दिशा में पहल की जाएगी, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित मांगें विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में झामुमो विशुनपुरा प्रखंड इकाई के कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

