सगमा (गढ़वा): सगमा प्रखंड क्षेत्र में समय पर बारिश नहीं होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। मानसून की कमजोर स्थिति के कारण खेतों में पर्याप्त नमी नहीं बन पा रही है, जिससे धान समेत अन्य खरीफ फसलों की बुआई और रोपाई प्रभावित हो रही है।किसानों का कहना है कि बारिश के भरोसे खेती करने वाले किसान अब आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं। कई किसानों ने किसी तरह खेत तैयार कर लिए हैं, लेकिन पानी के अभाव में फसल लगाने में कठिनाई हो रही है। वहीं जिन किसानों ने बुआई कर दी है, उन्हें भी फसल सूखने की चिंता सताने लगी है।ग्रामीण किसानों ने बताया कि अगर जल्द ही अच्छी बारिश नहीं हुई तो खेती पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है। डीजल पंप से सिंचाई करना छोटे और सीमांत किसानों के लिए महंगा साबित हो रहा है।किसानों ने प्रशासन से क्षेत्र में सिंचाई की व्यवस्था दुरुस्त करने और किसानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि सूखे जैसे हालात से निपटा जा सके।

