सगमा प्रखंड प्रमुख अजय शाह ने लगातार आठवें वर्ष अपने निजी खर्च पर करीब एक सौ महिला-पुरुष श्रद्धालुओं को देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना किया। श्रद्धालुओं के प्रस्थान के दौरान बीरबल गांव में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने गाजे-बाजे और हर-हर महादेव के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं को बाबा धाम के लिए विदा किया।
देवघर रवाना होने से पूर्व प्रमुख अजय शाह ने सभी श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने गेरुआ वस्त्र धारण कर गांव स्थित ग्राम देवता की पूजा-अर्चना की। वहां से सभी मालिया नदी तट पर स्थित सूर्य मंदिर पहुंचे, जहां सूर्य भगवान की पूजा के साथ मंदिर परिसर में स्थित नर्मदेश्वर महादेव का भी विधिवत पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूरा बीरबल गांव भक्ति के रंग में डूबा नजर आया।
श्रद्धालुओं के रवाना होने से पहले बाहर से आए कलाकारों ने शिव तांडव नृत्य की प्रस्तुति दी। कलाकारों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इसके बाद बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालुओं को देवघर के लिए विदा किया।
इस संबंध में प्रखंड प्रमुख अजय शाह ने बताया कि वे पिछले आठ वर्षों से लगातार अपने निजी खर्च पर ग्रामीणों को देवघर लेकर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ बाबा धाम की यात्रा कराने से उन्हें अपार सुख और संतोष की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि बाबा भोलेनाथ की कृपा सभी पर बनी रहे, यही उनकी कामना है।
प्रमुख ने बताया कि करीब एक सप्ताह तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के नाश्ते और भोजन की व्यवस्था भी उनके निजी खर्च से की जाती है। यात्रा को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों के अलावा बीरबल पंचायत के मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा तथा पूर्व मुखिया प्रतिनिधि इसहाक अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

