सगमा प्रखंड अंतर्गत कटहर कलां पंचायत की मुखिया कलावती देवी एवं बीडीसी प्रतिनिधि पवन सिंह ने मध्य विद्यालय शारदा और प्राथमिक विद्यालय परहिया टोला शारदा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, शिक्षण व्यवस्था और मध्यान भोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायज़ा लिया। मुखिया कलावती देवी ने साफ शब्दों में कहा कि पढ़ाई की गुणवत्ता और विद्यालय परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आने वाले दिनों में किसी प्रकार का सुधार नहीं दिखा, तो संबंधित अधिकारियों के पास लिखित रूप में प्रतिवेदन भेजा जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य से किसी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के क्रम में मुखिया ने स्वयं मध्यान भोजन का स्वाद चखकर इसकी गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले भोजन और संसाधनों का उद्देश्य बच्चों को बेहतर सुविधा देना है, इसलिए इसकी गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक व शिक्षिकाएँ उपस्थित थीं, और उन्होंने मुखिया द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।
कटहर कलां पंचायत में मुखिया ने विद्यालयों का किया निरीक्षण, व्यवस्था सुधारने का दिया सख्त निर्देश

