सगमा : प्रखंड कार्यालय परिसर में जिला कृषि पदाधिकारी गढ़वा के निर्देशानुसार केसीसी ऋण सशक्तिकरण अभियान के तहत प्रखंड स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्था अग्रगती के सीएफएल प्रखंड समन्वयक द्वारा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा सगमा के सहयोग से किया गया। शिविर की अध्यक्षता प्रखंड कृषि पदाधिकारी ओमप्रकाश सिंह ने की। शिविर में किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया। सीएफएल प्रखंड समन्वयक जनार्दन प्रसाद यादव ने किसानों को केसीसी ऋण के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आवेदन के साथ केवाईसी दस्तावेज, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, ऑनलाइन लगान रसीद, भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र (एलपीसी), सत्यापित वंशावली तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो आवश्यक हैं। शिविर में किसानों को ऋण प्रक्रिया, आवेदन भरने की विधि एवं बैंक से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम के दौरान नए केसीसी ऋण के लिए कुल 19 आवेदन प्राप्त हुए।इस अवसर पर बीटीएम धनंजय सिंह, बैंक कर्मी अमरेंद्र कुमार, सीएफएल प्रशिक्षिका ऐसून खातून, सीआई, हल्का कर्मचारी, किसान मित्र मनोज कुमार, रघुवर शाह, राजेश कुमार यादव, रामाशंकर यादव सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

