धुरकी : प्रखंड कार्यालय परिसर में जिला कृषि पदाधिकारी गढ़वा के निर्देशानुसार केसीसी ऋण सशक्तिकरण अभियान के तहत शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संस्था अग्रगती के सीएफएल प्रखंड समन्वयक द्वारा झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक, भारतीय स्टेट बैंक एवं पंजाब नेशनल बैंक शाखा धुरकी के सहयोग से प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। शिविर में किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।सीएफएल प्रखंड समन्वयक जनार्दन प्रसाद यादव ने किसानों को केसीसी ऋण के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आवेदन के साथ केवाईसी दस्तावेज, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, ऑनलाइन लगान रसीद, भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र (एलपीसी), सत्यापित वंशावली तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो जमा करना अनिवार्य है। कार्यक्रम के दौरान किसानों को ऋण प्रक्रिया, पात्रता एवं बैंकिंग सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। शिविर में नए केसीसी के लिए कुल 12 आवेदन प्राप्त हुए। मौके पर सीएफएल प्रशिक्षिका ऐसून खातून, सीआई, हल्का कर्मचारी, किसान मित्र सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष किसान उपस्थित रहे।
धुरकी में केसीसी ऋण सशक्तिकरण शिविर आयोजित, किसानों को दी गई जरूरी जानकारी

