हरिहरपुर(गढ़वा)ओपी क्षेत्र अंतर्गत मझिगावां पंचायत के भेलवाखाड़ी टोला में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 32 वर्षीय महिला की अचानक मृत्यु हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।मिली जानकारी के अनुसार, भेलवाखाड़ी निवासी अक्षबर राम की पत्नी सोनी देवी (32 वर्ष) शुक्रवार की सुबह तक पूरी तरह स्वस्थ थीं। वे अपने पति के साथ खेत में अरहर की फसल की कटाई कर रही थीं। दोपहर में दोनों ने साथ बैठकर भोजन किया। इसके कुछ ही देर बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उनकी मृत्यु हो गई। अचानक हुई इस घटना से परिजन और ग्रामीण स्तब्ध हैं। किसी को भी इस बात पर विश्वास नहीं हो रहा है कि सुबह तक स्वस्थ दिख रही महिला की इतनी जल्दी मौत हो जाएगी। मृतका अपने पीछे दो छोटे पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गई हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) से जुड़ा प्रतीत होता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। घटना के बाद पूरे टोले में कोहराम मच गया। मृतका का अंतिम संस्कार सोन नदी के श्रीनगर घाट पर किया गया। सूचना मिलने पर मझिगावां मुखिया प्रतिनिधि शंभूनाथ साह मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। कम उम्र में हो रही लगातार असामयिक मौतों ने लोगों को चिंतित कर दिया है। ग्रामीणों के बीच अब यह सवाल उठने लगा है कि आखिर बदलती जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी लापरवाही कहीं इन घटनाओं का कारण तो नहीं बन रही है।

