रंका (गढ़वा): रंका थाना पुलिस ने ट्रक में लदे करीब 30 टन मक्का दाना चोरी कर बेचने और खरीदने के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को पूछताछ के बाद गढ़वा न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने चोरी किए गए करीब 30 टन मक्का को भी बरामद कर लिया है।
रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि इस मामले में डंडिला खुर्द निवासी ओमप्रकाश शुक्ला के लिखित आवेदन के आधार पर रंका थाना कांड संख्या 116/26, दिनांक 11 अगस्त 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत में ट्रक संख्या NL 01AB 8599 के चालक पंकज पासवान पर करीब 30 टन मक्का चोरी कर बेचने का आरोप लगाया गया था।
मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक गढ़वा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त ट्रक चालक पंकज कुमार उर्फ पंकज पासवान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पुलिस को मामले से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिलीं।
पुलिस के अनुसार, पंकज कुमार पूर्व में भी बैंक लूट, डकैती और चोरी जैसे मामलों में जेल जा चुका है। वर्तमान में वह जमानत पर बाहर आने के बाद ट्रक चलाने का काम कर रहा था। आरोप है कि ट्रक में लदे मक्का को रेहला से छत्तीसगढ़ ले जाने के दौरान उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर रंका के व्यापारी संतोष कुमार को करीब 30 टन मक्का बेच दिया। इसके बाद घटना को छिपाने के लिए ट्रक को खुथुआ मोड़ से आगे एनएच-343 पर दुर्घटनाग्रस्त होने का रूप देकर वह मौके से फरार हो गया।
4.80 लाख में हुआ था सौदा, तीन अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, 30 टन मक्का का सौदा करीब 4 लाख 80 हजार रुपये में तय हुआ था। इसमें व्यापारी संतोष साव ने बिचौलियों आदित्य द्विवेदी और प्रकाश कुमार के माध्यम से 3 लाख 10 हजार रुपये दिए थे। इसमें से 2 लाख 80 हजार रुपये ट्रक चालक को मिले, जबकि आदित्य द्विवेदी और प्रकाश कुमार को 15-15 हजार रुपये दिए गए। शेष राशि बाद में देने की बात तय हुई थी।
पुलिस ने बताया कि घटना के चार-पांच दिन बाद ट्रक चालक पंकज कुमार अपने साथी आदित्य के साथ बकाया राशि लेने रंका बाजार पहुंचा था। इसी दौरान पुलिस की छापामारी टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मामले में शामिल आदित्य द्विवेदी, प्रकाश चंद और संतोष कुमार को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी किया गया करीब 30 टन मक्का भी बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में पंकज कुमार उर्फ पंकज पासवान उर्फ बाबू उर्फ राजा (36), आदित्य द्विवेदी (22), प्रकाश चंद (23) और संतोष कुमार (35) शामिल हैं। सभी गढ़वा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह, थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी, पुलिस अवर निरीक्षक सफीउल्लाह अंसारी, पुलिस अवर निरीक्षक अनिल हेंब्रम, आरक्षी रवि भगत और आरक्षी राकेश कुमार सिंह शामिल थे। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

