सगमा(गढ़वा) सगमा प्रखण्ड के मकरी गांव स्थित सर्वेश्वरी आश्रम परिसर के काली शक्ति पीठ में चैती नवरात्र के अवसर पर आयोजित नौ दिवसीय पूजा-अनुष्ठान का समापन कन्या पूजन के साथ श्रद्धा और भक्ति भाव के बीच संपन्न हुआ। इस दौरान कलश स्थापना के साथ विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।पूरे नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष पूजा-पाठ के साथ स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां और परामर्श प्रदान किया गया। काली शक्ति पीठ के उपाध्यक्ष बिहारी राम ने बताया कि इस आयोजन में छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिन्होंने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना में भाग लिया।अनुष्ठान के दौरान आश्रम परिसर में भक्ति और आस्था का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
अनुमंडलीय अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. सुचित्रा कुमारी अपनी मेडिकल टीम के साथ लगातार स्वास्थ्य सेवाएं देती रहीं। अंतिम दिन बड़े बाबा की प्रतिमा को फूलों से सजाकर विधिवत पूजा की गई, जिसके बाद कन्या पूजन कर उन्हें नए वस्त्र और भोजन कराया गया।कार्यक्रम के अंत में बाहर से आए श्रद्धालुओं को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस सफल आयोजन में रमेश यादव, सुशील कुमार सिन्हा, यशवंत प्रसाद, डॉ. कृष्ण गुप्ता, अनूप यादव, डॉ. विकास चंद्र सहित कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
काली शक्ति पीठ मकरी कुटिया में नवरात्र अनुष्ठान का कन्या पूजन के साथ भव्य समापन

