श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र से एक 19 वर्षीय छात्र के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में चिंता और बेचैनी का माहौल है, वहीं पूरे गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।मामला थाना क्षेत्र के हुलहुला खुर्द पंचायत अंतर्गत शिवपुर गांव का है। यहां के निवासी नंदू चंद्रवंशी के बड़े पुत्र 19 वर्षीय शुभम कुमार सोमवार दोपहर से रहस्यमय ढंग से लापता हैं। परिजनों के अनुसार शुभम सोमवार की सुबह अपने घर से मेन बाजार स्थित अध्ययन केंद्र में कोचिंग करने के लिए निकला था।बताया जाता है कि घर से निकलने से पहले उसकी अपनी मां से किसी बात को लेकर हल्की कहासुनी हो गई थी। इसी कारण वह बिना खाना खाए ही घर से कोचिंग के लिए निकल गया। बाद में जानकारी मिली कि शुभम कोचिंग क्लास में पढ़ाई करने के लिए पहुंचा था और उसने वहां कुछ समय तक पढ़ाई भी की।
लेकिन कोचिंग खत्म होने के बाद वह घर वापस नहीं लौटा। जब देर शाम तक शुभम घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ने लगी। इसके बाद परिजनों ने आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।शुभम के पिता नंदू चंद्रवंशी ने बताया कि उनके दो बेटे हैं, जिनमें शुभम बड़ा पुत्र है। काफी खोजबीन के बाद भी जब बेटे का कोई पता नहीं चला तो उन्होंने श्री बंशीधर नगर थाना में आवेदन देकर पुलिस से बेटे की तलाश करने की गुहार लगाई है।इधर इस घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर छात्र की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में भी खोजबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही छात्र का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

