धुरकी (गढ़वा) थाना क्षेत्र के कुंबा कला गांव निवासी एक युवक की चेन्नई में आकस्मिक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अवधेश तुरीया के 23 वर्षीय पुत्र त्रिलोक तुरिया विगत आठ फरवरी को मजदूरी करने दक्षिण भारत गया था। वह आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा स्थित एक निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत था। परिवार के मुताबिक तीन दिन पूर्व अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद कंपनी प्रबंधन ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान ही उसकी मृत्यु हो गई।घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कंपनी के सहयोग से शनिवार सुबह युवक का शव गांव लाया गया। शव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। इसके बाद हिंदू रीति-रिवाज के साथ गांव स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।त्रिलोक तुरिया अपने पीछे तीन वर्ष की एक पुत्री और चार माह का एक पुत्र छोड़ गया है। कम उम्र में परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से घर की आर्थिक स्थिति पर भी गहरा असर पड़ा है।

