धुरकी (गढ़वा): रामनवमी पर्व को लेकर मंगलवार को धुरकी पुलिस ने क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें थाना प्रभारी जनार्दन राउत समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आगामी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।इस दौरान पुलिस टीम ने टाटीदिरी, भंडार, अंबाखोरिया, धुरकी, खाला, खुटिया और सगमा सहित कई गांवों का भ्रमण किया। गांव-गांव पहुंचकर पुलिस अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहने की अपील की। साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने की बात कही गई।पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने भी लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया।फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस की सक्रियता से आम लोगों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल देखने को मिला।
रामनवमी को लेकर धुरकी पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने की अपील

