मेराल(गढ़वा):महाशिवरात्रि पर रविवार की सुबह से ही मंदिरों में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक, पूजा-अर्चना और विशाल जल यात्रा निकल कर जलाभिषेक किया गया। थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में पूजा अर्चना के बाद रुद्राभिषेक किया गया। मुख्य यजमान के रूप में थाना प्रभारी विष्णु कांत सपरिवार शामिल हुए। धार्मिक अनुष्ठान के बाद यहां महा भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। मुंडाल टोला शिव मंदिर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जल यात्रा निकाल कर जलाभिषेक किया। जल यात्रा का शुभारंभ प्रमुख दीपमाला कुमारी, विधायक प्रतिनिधि डॉ लालमोहन, पूर्व जिप सदस्य संजय भगत आदि ने संयुक्त से किया। वहीं हासनदाग के चरकपथली पहाड़ पर मेला के साथ अखंड कीर्तन का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त लातदाग चूड़ामणि पहाड़ स्थित शिव मंदिर पर अखंड कीर्तन तथा मेला का आयोजन, दलेली मंदिर के पास तथा हडही पहाड़ पर भी मेला का आयोजन किया गया। इस मौके पर विशेष कर महिलाओं में पूजा के लिए विशेष उत्साह तथा भीड़ देखी गई।

