रंका (गढ़वा):अनुमंडल अंतर्गत रमकंडा प्रखंड के ग्राम मंगराही मध्य विद्यालय के सहायक अध्यापक शिव कुमार सिंह पर ग्रामीणों ने पढ़ाई कम और नेतागिरी ज्यादा करने का आरोप लगाया है। ग्रामीण देवलाल राम डीलर ने बताया कि शिक्षक शिव कुमार सिंह स्कूल में हाजिरी बना कर गांव में भोले भाले ग्रामीणों को बरगला कर राजनीति करते हैं तथा कुछ लोगों को टारगेट कर अशांति और दुश्मनी का माहौल पैदा करते हैं। उन्होंने बताया कि शिव कुमार सिंह रंगदारी में डीलर से पैसा,चावल और तेल मांगते हैं और नहीं देने पर जातिसूचक शब्द का प्रयोग गाली गलौज करते हुए लाइसेंस रद्द कराने का धमकी भी देते हैं। उन्होंने बताया कि शिव कुमार सिंह चरित्रहीन व्यक्ति हैं, जिन्होंने दफा 76 के तहत जेल भी जा चुके हैं। इस आरोप के आलोक में शिक्षक शिव कुमार सिंह से पूछने पर उन्होंने आजाद सिपाही को बताया कि ग्रामीण देवलाल राम के द्वारा लगाए गए आरोप बेबुनियाद और निराधार है। उन्होंने जेल जाने की बात स्वीकार किया और कहा कि मुझे झूठा केस में फंसाया गया था। मध्य विद्यालय मंगराही के प्रधानाध्यापक सत्यानंद सिंह ने पूछताछ के दौरान बताया कि सहायक अध्यापक शिव कुमार सिंह का कार्य संतोषजनक है। गांव में वे क्या करते हैं, ग्रामीण ही जानेंगे।

