
सगमा : प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास इलाकों में स्थित सरकारी गैर सरकारी स्कूल तथा सार्वजनिक पूजा स्थलों परशुक्रवार को बसंत पंचमी का पर्व पूरे श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्या, बुद्धि और वाणी की देवी मां सरस्वती की पूजा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों एवं सार्वजनिक पूजा स्थलों पर बड़े ही धूमधाम से की गई। सुबह से ही पूजा स्थलों पर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और वातावरण भक्तिमय हो गया। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर नन्हे–नन्हे बच्चे अहले सुबह स्नान–ध्यान कर पीले वस्त्र धारण कर पूजा स्थलों पर पहुंचे। बच्चों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष कलम, कॉपी और पुस्तकें रखकर विद्या और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिसरों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने सरस्वती वंदना और भक्ति गीत प्रस्तुत किए। प्रखंड मुख्यालय स्थित एमआरडी पब्लिक स्कूल , एस एन पब्लिक पब्लिक स्कूल, भैया रुद्र प्रताप देव हाई स्कूल, मध्य विद्यालय सगमा ब्राइट स्टार पब्लिक स्कूल बीरबल तथा आदर्श पब्लिक स्कूल बीरबल सहित विभिन्न सरकारी स्कूलों में सरस्वती पूजा बड़े ही श्रद्धा भाव से मनाई गई।
इन सभी स्थानों पर मां सरस्वती की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं, जहां विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सार्वजनिक पूजा पंडालों में पीले फूलों, पताकाओं और सजावट से बसंत ऋतु का मनोहारी दृश्य देखने को मिला। पूजा आयोजकों द्वारा शांतिपूर्ण एवं अनुशासित आयोजन को लेकर विशेष व्यवस्था की गई थी। बसंत पंचमी के अवसर पर पूरे प्रखंड क्षेत्र में भक्तिभाव और उल्लास का माहौल बना रहा।

