कांडी(गढ़वा):प्रखंड कार्यालय के सभागार में सोमवार को प्रखंड प्रमुख पद का चुनाव शांतिपूर्ण एवं नियमानुसार संपन्न हुआ। चुनाव का संचालन गढ़वा सदर एसडीएम सह निर्वाची पदाधिकारी संजय कुमार पांडेय ने सहायक निर्वाची पदाधिकारी राकेश सहाय की देखरेख में निर्धारित समय पर कराया। निर्वाची पदाधिकारी संजय कुमार पांडेय ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रखंड प्रमुख पद के लिए दो उम्मीदवार किरण देवी और सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय
मैदान में थे। प्रखंड अंतर्गत कुल 21 पंचायत समिति सदस्यों में से एक सदस्य के आकस्मिक निधन के कारण 20 सदस्यों ने मतदान में भाग लिया। मतगणना में किरण देवी को 8 मत जबकि सत्येंद्र पांडेय को 12 मत प्राप्त हुए। इसके बाद निर्वाची पदाधिकारी द्वारा सत्येंद्र पांडेय को प्रखंड प्रमुख पद के लिए निर्वाचित घोषित करते हुए प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया तथा दोपहर 2:35 बजे उन्हें शपथ दिलाई गई। एसडीएम ने बताया कि मतदान के दौरान किसी भी सदस्य का मत निरस्त नहीं हुआ और चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। किसी भी पक्ष द्वारा कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई। चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की बाधा से निपटने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिनेश कुमार यादव के निर्देश पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मौके पर रंका एसडीएम सह दंडाधिकारी रुद्र प्रताप, रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह, मझिआंव पुलिस निरीक्षक बृज कुमार, बरडीहा बीडीओ राजेश कुमार, कांडी थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम, मझिआंव थाना प्रभारी ओम प्रकाश टोप्पो, हरिहरपुर ओपी प्रभारी नसीम अंसारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं भारी संख्या में पुलिस बल तैनात थे। शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह जीत पूरे प्रखंडवासियों की जीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक वर्ष में प्रखंड में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया था, जिसे वे अपने तरीके से समाप्त करने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रखंड क्षेत्र में भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद प्रखंड कार्यालय परिसर के बाहर समर्थकों ने नारेबाजी व आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। इसके बाद फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा डीजे के साथ जुलूस निकालकर प्रखंडवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। मौके पर समाजसेवी विकास दुबे, प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष सह पतीला मुखिया अमित कुमार दुबे, विवेका पांडेय, शशांक शेखर, गौरी शंकर दुबे, अनूप कुमार पासवान, मुन्ना ठाकुर, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष जवाहर राम, मुन्ना खान, अंजनी सिंह, गुड्डू उपाध्याय सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

