विशुनपुरा(गढ़वा):झारखंड सरकार की बैगलेस डे पहल के तहत शनिवार को पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय, अमहर के विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण के लिए विशुनपुरा थाना ले जाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने थाना की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और पुलिस प्रशासन, कानून व्यवस्था तथा थाने में होने वाले विभिन्न कार्यों की जानकारी प्राप्त की।थाना पहुंचने पर एएसआई हरी गोप ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी सरल भाषा में दी। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने थाना परिसर का अवलोकन किया और पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का पुलिस पदाधिकारी ने सरल एवं सहज तरीके से जवाब दिया। इससे बच्चों को किताबों में पढ़े गए विषयों को वास्तविक जीवन की परिस्थितियों से जोड़कर समझने का अवसर मिला।
किताबों से बाहर सीखने का अवसर।
बैगलेस डे का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक कक्षा और किताबों से बाहर निकालकर व्यावहारिक एवं अनुभवात्मक शिक्षा से जोड़ना है। थाना भ्रमण जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और व्यवहारिक समझ विकसित होती है। साथ ही उन्हें समाज, प्रशासन और कानून व्यवस्था की भूमिका को नजदीक से जानने का अवसर मिलता है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक नंदकिशोर पाठक ने बताया कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय उन्हें वास्तविक जीवन से जुड़े अनुभव देना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षक धीरेन्द्र कुमार सिंह, अखलेश्वर प्रजापति और बर्जेश कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।

