डंडई(गढ़वा):राष्ट्रीय जनता दल (राजद) झारखंड प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने डंडई प्रखंड अंतर्गत करके गांव निवासी विनोद यादव को राजद के गढ़वा जिला का कार्यकारी जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है। नियुक्ति के बाद विनोद यादव ने प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में गढ़वा जिले में संगठन को और अधिक सशक्त किया जाएगा तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।विनोद यादव ने राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों नेताओं के नेतृत्व, विचार और मार्गदर्शन से पार्टी को नई दिशा मिल रही है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही डंडई प्रखंड सहित पूरे गढ़वा जिले में राजद संगठन में उत्साह देखा गया। पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सोशल मीडिया एवं फोन कॉल के माध्यम से विनोद यादव को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उनकी नियुक्ति से जिले में संगठन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

