मझिआंव (गढ़वा)विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर न केवल भरोसा दिया, बल्कि यह भी यकीन दिलाया कि नहर निर्माण हेतु डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराकर योजनाओं को धरातल पर उतारने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य प्रखंड के प्यासे खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाना है।
उक्त बातें विधायक सोमवार को नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत विरबंधा खजूरी जलाशय परियोजना स्थल का निरीक्षण करने के दौरान कही। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कहा कि विशेष रूप से खजूरी जलाशय योजना और बांयी बांकी योजना से कांडी एवं मझिआंव क्षेत्र के किसान बड़े पैमाने पर लाभान्वित होंगे। उन्होंने बताया कि इन दोनों अत्यंत महत्वपूर्ण योजनाओं को मजबूती के साथ सदन में उठाया गया है।
विधायक ने कहा कि झारखंड के जल संसाधन मंत्री से मिलकर इन योजनाओं को शीघ्र क्रियान्वित करने का आग्रह किया गया है। साथ ही लघु सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया है। कि जल्द से जल्द डीपीआर तैयार कर विभाग को समर्पित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीपीआर बनते ही दोनों योजनाओं के पूर्ण होने का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित किसानों ने विधायक से कहा कि यदि इन दोनों योजनाओं का कार्य पूरा हो जाता है। तो किसानों के चेहरे खिल उठेंगे। किसानों ने यह भी बताया कि नहर निर्माण से संबंधित कई स्थानों पर कार्य रुका हुआ है ।और अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने मांग की कि नहर निर्माण से पूर्व उचित मुआवजा दिलाने के लिए विधायक स्तर से ठोस प्रयास किया जाए।इस पर विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर उनका संघर्ष पहले भी जारी था और आगे भी निरंतर जारी रहेगा। जनता का भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता से किए गए वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़ी प्रत्येक योजना को धरातल पर उतारने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।
इस अवसर पर लघु सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार, स्कूटीव इंजीनियर डेविड तिर्की, कनीय अभियंता राजेंद्र कुमार, जिला परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, नगर पंचायत क्षेत्र की निवर्तमान अध्यक्ष सुमित्रा देवी, विधायक प्रतिनिधि भानु पासवान सहित किसान व अधिकारी उपस्थित थे।

