मेराल(गढ़वा):थाना क्षेत्र में धार्मिक कार्य में बाधा डालने, धर्म विशेष के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने, आग लगाने की धमकी देने तथा महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सिहो गांव निवासी बब्लू कुमार भुईंया पिता लालमोहन भुईंया के लिखित आवेदन के आधार पर मेराल थाना कांड संख्या 227/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में टिकुलडीहा गांव निवासी नवाज खाँ उर्फ काला नाग, पिता ज्याउद्दीन खां को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। प्राथमिकी में अभियुक्त के विरुद्ध धार्मिक कार्य में बाधा डालने, धर्म विशेष के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने, आग लगाने की धमकी देने तथा महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने समेत अन्य आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धारा के तहत मामला दर्ज करने के बाद कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई प्राथमिकी में दर्ज आरोपों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

