विशुनपुरा दशहरा एवं दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर विशुनपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। श्री बंशीधर नगर एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आम लोगों को शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च में पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार आजाद, विशुनपुरा थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्या , श्री बंशीधर नगर थाना प्रभारी अविनाश राज , रमना थाना प्रभारी आदित्य कुमार नायक सहित पुलिस के जवान शामिल हुए। पुलिस टीम ने चितरी, पतिहारी, पिपरी, कमता, कोचेया, गांधी चौक, चकचक मोड़ अपर बजार बाजार बैंक मोड़, लाल चौक होते हुए विशुनपुरा थाना तक मार्च किया। इसके बाद पुलिस टीम विशुनपुरा बाजार से होते हुए रमना के लिए रवाना हो गई।
शांति भंग करने वालों पर रहेगी नजर : एसडीपीओ
फ्लैग मार्च के दौरान एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने कहा कि दुर्गापूजा और दशहरा को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। पर्व के दौरान सभी पूजा समितियां आपसी समन्वय बनाए रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
पूजा समितियों से सहयोग की अपील : थाना प्रभारी
विशुनपुरा थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्या ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है। सभी पूजा समितियां निर्धारित नियमों का पालन करें तथा जुलूस और पूजा आयोजन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने आम लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने और किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद से बचने की अपील की।

