कांडी(गढ़वा):प्रखंड के पतहरिया पंचायत अंतर्गत शिवरी गांव स्थित बजरंगबली मंदिर एक बार फिर भक्ति के रंग में सराबोर हो उठा है। कुछ माह पूर्व असामाजिक तत्वों द्वारा खंडित की गई बजरंगबली की प्रतिमा के स्थान पर अब नई भव्य मूर्ति की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो गया है। रविवार को आचार्य पंडित जयप्रकाश मिश्र (पंतु जी) एवं ओमप्रकाश मिश्र (रसगुल्ला जी) के सानिध्य में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कलश यात्रा के दौरान बजरंगबली की नई प्रतिमा को शिवरी एवं मिश्रौलिया गांव में भ्रमण कराया गया। इसके पश्चात सुंडीपुर स्थित सोन और कोयल नदी के पावन संगम तट से विधि-विधानपूर्वक कलश में जल भरकर मंदिर प्रांगण में स्थापित किया गया। इस अवसर पर कांडी प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय (पिंकू पांडेय) एवं जिला परिषद प्रतिनिधि दिनेश कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
आचार्य जयप्रकाश मिश्र ने जानकारी दी कि चैत्र नवरात्रि की अष्टमी एवं नवमी तिथि (26 मार्च) को विधि-विधान और पूरे धूमधाम के साथ बजरंगबली की नई मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न कराई जाएगी।गौरतलब है कि हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के अधेरिया कला निवासी रविंद्र सिंह (टुन्नू सिंह) द्वारा प्रतिमा खंडित किए जाने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड मुख्यालय में बीडीओ राकेश सहाय, थाना प्रभारी अशफाक आलम तथा पंचायत प्रतिनिधियों के बीच बैठक आयोजित की गई थी। समझौते के तहत दोषी पक्ष द्वारा नई मूर्ति की व्यवस्था और संपूर्ण खर्च वहन करने की जिम्मेदारी लेने के बाद अब यह धार्मिक अनुष्ठान संभव हो सका है।
शिवरी में नई बजरंगबली प्रतिमा स्थापना की तैयारी, भव्य कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

