22 वर्षों से चली आ रही भागवत कथा की परंपरा, रात 12 बजे होगा भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव
श्री बंशीधर नगर:श्री बंशीधर मंदिर में आज शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही पूरा श्री बंशीधर नगर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्री बंशीधर के दर्शन और जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं।
श्री बंशीधर मंदिर परिसर में विगत एक सप्ताह से भागवत कथा एवं रासलीला का आयोजन किया जा रहा है। बाहर से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रासलीला श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई है। पिछले 22 वर्षों से लगातार भागवत कथा के आयोजन की परंपरा ने इस धार्मिक आयोजन को विशेष पहचान दी है। कथा सुनने और रासलीला देखने के लिए प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंच रहे हैं।
भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव रात्रि 12 बजे मनाया जाएगा। इस दौरान मंदिर परिसर में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। जन्म के समय विशेष पूजा-अर्चना के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठेगा।
जन्मोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए मंदिर प्रबंधन कमेटी एवं ट्रस्ट द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिर को विधिवत सजाकर आकर्षक और मनमोहक रूप दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।
प्रधान ट्रस्टी राजा राजेश प्रताप देव की देखरेख में मंदिर कमेटी एवं ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है।
श्री बंशीधर नगर की धार्मिक पहचान भगवान श्रीकृष्ण और ऐतिहासिक श्री बंशीधर मंदिर से जुड़ी है। जन्माष्टमी के अवसर पर पूरा नगर भक्तिमय नजर आ रहा है। श्रद्धालु भजन-कीर्तन में झूमते हुए भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन हैं। मंदिर परिसर में चारों ओर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘जय बंशीधर’ के जयकारे गूंज रहे हैं। जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है।

