विशुनपुरा(गढ़वा):विशुनपुरा थाना क्षेत्र के पीराटांड़ गांव में शनिवार को एक विवाहिता महिला एवं उसके डेढ़ वर्षीय पुत्र की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान पीराटांड़ निवासी मुकेश पाल की पत्नी संगीता देवी (25 वर्ष) तथा उनके डेढ़ वर्षीय पुत्र कार्तिक पाल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संगीता देवी अपने डेढ़ वर्षीय पुत्र तथा सास तिलकुमारी देवी के साथ घर में रहती थीं। परिवार के अन्य सदस्य रोजगार के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। बताया जाता है कि शनिवार को तिलकुमारी देवी बकरी चराने के लिए घर से बाहर गई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने घर का एक कमरा अंदर से बंद पाया।
काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। संगीता देवी फांसी के फंदे से झूलती मिलीं, जबकि उनका डेढ़ वर्षीय पुत्र कार्तिक पाल पलंग पर मृत अवस्था में पड़ा था।
घटना की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर विशुनपुरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को घर के पास स्थित एक कमरे से उल्फा नामक कीटनाशक दवा की बोतल भी बरामद हुई है। इससे मामले को लेकर विभिन्न आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार मृतका संगीता देवी का मायका खरौंधी थाना क्षेत्र के चिरइयाटांड़ गांव में है। घटना की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बताया कि परिवार में संगीता देवी के ससुर बीरेंद्र पाल तथा उनके तीन पुत्र मुकेश पाल, उतेश पाल और बिमलेश पाल हैं। परिवार के अधिकांश सदस्य रोजगार के लिए बाहर रहते हैं। घटना के समय घर में केवल संगीता देवी, उनका पुत्र और उनकी सास मौजूद थे। थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा इस हृदयविदारक घटना से पीराटांड़ गांव में शोक का माहौल है। मां-बेटे की एक साथ हुई मौत से ग्रामीण स्तब्ध हैं और पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ

