केतार(गढ़वा):प्रखंड बलिगढ़ पंचायत के अंजनिया टोला में हरिहर सिंह के घर से राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय तक लंबे समय से विवाद के कारण सड़क निर्माण का काम अटका हुआ था।सड़क की बदहाली के चलते विद्यालय आने-जाने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
सड़क की समस्या को देखते हुए मुखिया प्रतिनिधि मनोरंजन प्रसाद गुप्ता लगातार विवाद को सुलझाने का प्रयास कर रहे थे। आखिरकार उनके अथक प्रयास से मामला सुलझा और सड़क निर्माण का रास्ता साफ हुआ।इसके बाद मनरेगा योजना के तहत करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क पर मोरम-मिट्टी डालकर निर्माण कार्य कराया जा रहा है।सड़क बनने से विद्यालय जाने वाले बच्चों और शिक्षकों के साथ-साथ प्रतिदिन आवागमन करने वाले ग्रामीणों को भी काफी राहत मिलने की उम्मीद है। बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति और खराब हो जाने से को विशेषकर विद्यालय जाने वाले बच्चों को परेशानी होती थी।मुखिया प्रतिनिधि मनोरंजन प्रसाद गुप्ता ने कहा कि पंचायत में ऐसे कई गांव और टोले हैं,जहां आपसी विवाद या जमीन संबंधी अड़चनों के कारण सड़क निर्माण का कार्य रुका हुआ है।उन्होंने कहा कि विवाद को सुलझाकर ही विकास कार्य को धरातल पर उतारा जा सकता है।अफवाह फैलाने से किसी समस्या का समाधान नहीं होता।उन्होंने बताया कि अन्य विवादित सड़कों के मामलों को भी संबंधित लोगों से बातचीत कर सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है,ताकि पंचायत के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके।

