केतार(गढ़वा):प्रखंड में एक बार फिर अपराधियों और कानून से आंख मिचौली खेलने वालों पर भारी पड़ता नजर आ रहा है।केतार थाना क्षेत्र के एक स्कूल के प्रधानाध्यापक पर एक नाबालिग युवती के साथ छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न का गंभीर कलंक लगा है। घटना के बाद से ही कानून की गिरफ्त से दूर भाग रहे आरोपी शिक्षक सुनील पाण्डेय के दोनों ठिकानों पर पुलिस ने ऐसा ताबड़तोड़ शिकंजा कसा कि अब उसके पास कानून के सामने झुकने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है।केतार थाना कांड संख्या 35/26 के तहत फरार चल रहे आरोपी सुनील कुमार पांडेय पिता- स्व. जय नंदन पाण्डेय पर पुलिस ने पूरी सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई की है।पुलिस ने आरोपी के मूल निवास ग्राम शिवपुर थाना कांडी, जिला गढ़वा और उसके वर्तमान ठिकाने साहिजना थाना व जिला गढ़वा दोनों जगहों पर पहुंचकर न्यायालय के आदेशानुसार इश्तेहार चस्पा किया है। इस दौरान पुलिस बल ने मुनादी कराते हुए यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं।
क्या है मामला?
दिनांक 28 जून 2026 को केतार थाने में एक नाबालिग युवती के साथ छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न का सन सनीखेज मामला दर्ज किया गया था। जिस समय इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया, उस वक्त आरोपी सुनील कुमार पांडेय शिक्षा जैसे पवित्र पेशे की आड़ में केतार थाना क्षेत्र के मध्य विद्यालय ताली में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात था। एक शिक्षक पर लगे इस तरह के गंभीर आरोपों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस की दबिश जारी, गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी
मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पुलिस की नजरों से बचकर फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पहले ही न्यायालय से उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करवा लिया था। जब आरोपी ने सरेंडर नहीं किया, तो पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का अगला कदम उठाते हुए इश्तेहार चस्पा करने की कार्रवाई की। केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी और अवर निरीक्षक (SI) चंदन साह के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और सशस्त्र बलों की टीम इस पूरी कार्रवाई में मुस्तैदी से जुटी रही। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द ही दबोच लिया जाएगा।

