धुरकी (गढ़वा): चैती छठ पूजा एवं रामनवमी जैसे पावन पर्वों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने एक सराहनीय और सख्त पहल की है। उनके नेतृत्व में थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों—सगमा, बीरबल, रक्सी, शिवरी एवं बारसोती—में सघन छापामारी अभियान चलाया गया।इस दौरान अवैध शराब निर्माण पर रोक लगाने के लिए पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 100 किलोग्राम जावा महुआ को बरामद कर मौके पर ही विनष्ट कर दिया। यह कदम खास तौर पर त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए उठाया गया।थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने स्पष्ट कहा कि त्योहारों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, खासकर नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और शांति व भाईचारे के साथ पर्व मनाएं।इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अवैध कारोबारियों में डर का माहौल देखने को मिल रहा है। वहीं आम लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे त्योहारों में सुरक्षा और शांति का माहौल और मजबूत होगा।

