धुरकी (गढ़वा): धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन रावत के नेतृत्व में थाना परिसर में पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान परिसर में इमारती एवं फलदार प्रजातियों सहित कुल 45 पौधे लगाए गए। पौधारोपण से पूर्व परिसर की साफ-सफाई कर पौधों के लिए गड्ढे तैयार किए गए, जिसके बाद सभी पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी जनार्दन रावत ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। लगातार घटते जंगल और बढ़ते प्रदूषण के कारण ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं, जिसका सीधा प्रभाव मानव जीवन पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देना है तो हर नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख भी करें ताकि वे बड़े होकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अपनी भूमिका निभा सकें। इस अभियान में थाना प्रभारी के साथ जुबेर आलम, हवलदार मनीष कुमार, सिपाही विनोद कुमार, चौकीदार लेखपाल यादव सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी, चौकीदार एवं कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
धुरकी थाना परिसर में 45 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

