श्री बंशीधर नगर: नगर की बहू और गहना व्यवसायी सह भाजपा नेता अशोक सेठ की पत्नी मीरा कुमारी ने हिंदी संकाय में पीएचडी (डॉक्टरेट) की उपाधि प्राप्त कर परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से नगर में खुशी और गर्व का माहौल है। रामचंद्र चंद्रवंशी विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर डॉ संजय कुमार झा ने उन्हें यह उपाधि प्रदान कर सम्मानित किया। डॉ. मीरा ने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा बिहार के सासाराम जिले में हुई। शिक्षा के प्रति उनका समर्पण शुरू से ही मजबूत रहा और उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी पढ़ाई का सिलसिला नहीं टूटने दिया। आगे चलकर उन्होंने मां नगीना शाही महाविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं।लगातार मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर डॉ. मीरा ने हिंदी विषय में शोध कार्य पूरा कर पीएचडी की उपाधि हासिल की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने में उनके पति अशोक सेठ और पूरे परिवार का अमूल्य सहयोग रहा।अशोक सेठ ने कहा कि यह उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे श्री बंशीधर नगर के लिए गर्व का क्षण है। बधाई देने वालों में विष्णु सेठ, राजीव कुमार, नीरज जौहरी,डॉ. विकास कुमार, आनंद प्रकाश, अरविंद जायसवाल,महावीर विश्वकर्मा, सुबोध जयसवाल, सुधीर प्रजापति सहित कई गणमान्य लोग शामिल हैं।

