रंका(गढ़वा):नालसा नई दिल्ली एवं झालसा रांची तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार(डलसा ) गढ़वा अध्यक्ष सह जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज प्रसाद एवं सचिव मैडम निभा रंजना लकड़ा के निर्देश पर चलाए जा रहे 90 दिवसीय आउटरीच जागरूकता अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत 02 जुलाई 2026 दिन गुरुवार को रंका प्रखण्ड पी एल वी कैमुद्दीन अंसारी एवं मानपुर ग्राम पंचायत पी एल वी अमरेन्द्र कुमार के द्वारा संयुक्त रूप से रंका प्रखण्ड मुख्यालय स्थित कंचनपुर ग्राम पंचायत के अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्र फुलवारी टोला का भ्रमण कर प्रखंड पी एल वी कैमुद्दीन अंसारी ने उपस्थित ग्रामीणों को बताया कि बरसात के मौसम में अक्सर वज्रपात एवं सर्पदंश जैसी घटनाएं देखने और सुनने को मिल जाती है जिसमें जानकारी के अभाव में किसी की भी अकारण जान चली जाती है। अगर ऐसे में हम सभी थोड़ी सी जानकारी के साथ समझदारी से कदम उठाएं तो मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि बेवजह किसी की भी जान नहीं जाएगी ।
पहली बात की अगर आप बादल गरजने के वक्त जंगल में हैं या जंगल से गुजर रहे हैं तो आप जितनी जल्दी हो सके वहां से बाहर निकल जाएं और कहीं सुरक्षित स्थान पर चले जाएं तथा भूलकर भी किसी पेड़ के नीचे ना रुकें नहीं तो यह जानलेवा साबित हो सकता है । अगर किसी को सांप ने काट लिया है तो इसमें हतोत्साहित होने की आवश्यकता नहीं है और ना ही झाड़ फूंक कराएं अतः ऐसे में आप स्वास्थ्य विभाग का लाभकारी नंबर 108 पर डायल करें यहां पर आपको यह ध्यान देने की आवश्यकता है कि यह 108 नंबर सर्पदंश के साथ साथ वज्रपात से पीड़ित लोगों के लिए भी उपयोगी है । वहीं इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मानपुर ग्राम पंचायत से जुड़े पी एल वी अमरेन्द्र कुमार ने भी कहा कि आजकल साइबर ठगी का अपराध कुछ ज्यादा ही फल फूल रहा है जो हमारी ना समझी को दर्शाता है अतः इससे बचने के लिए हम सभी को सजग एवं जागरूक होना होगा क्यों कि कभी भी कोई अपने आप को बैंक का अधिकारी बता कर फोन से आपका ओ टी पी पूंछ लेता है और आप अपना ओ टी पी पूछने वाले को शेयर कर देते हैं और कुछ देर बाद मालूम होता है कि हमारे खाता से सब राशि की अवैध निकासी हो चुकी होती है । अतः अब भी समय है जागरुक होने का क्यों कि बैंक कभी भी किसी के पास फोन नहीं करता है । इसलिए जागरूक बनिए और बनाइए इस मौके पर ग्रामीण महिला पुरुष उपस्थित थे।

