कांडी(गढ़वा):प्रखंड मुख्यालय स्थित जमा दो उच्च विद्यालय के खेल मैदान में रविवार को चंद्रयान फुटबॉल कमिटी सीजन-2 के तत्वावधान में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला गया। देर शाम तक चले इस रोमांचक मुकाबले में सेतो घटहुआँ की टीम ने पेनाल्टी शूटआउट में मझिगांवा की टीम को 4–3 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मैच के मुख्य अतिथि युवा समाजसेवी विकास दुबे, थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम, पूर्व प्रमुख पिंकू पाण्डेय, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि दिनेश कुमार, बीडीसी प्रतिनिधि अनूप राम एवं उपमुखिया दिलीप कुमार रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फुटबॉल को किक मारकर खेल का शुभारंभ किया। निर्धारित समय में मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। खेल शुरू होने के सातवें मिनट में घटहुआँ कला की टीम ने पहला गोल कर बढ़त बनाई, लेकिन हाफ टाइम से ठीक पहले 34वें मिनट में मझिगांवा की टीम ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। रेफरी के एक निर्णय को लेकर कुछ देर खेल रुका, बाद में पुनः मैच शुरू हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद पेनाल्टी शूटआउट से परिणाम निकला। विजेता टीम सेतो घटहुआँ को 15 हजार रुपये नगद व ट्रॉफी तथा उपविजेता मझिगांवा को 7 हजार रुपये नगद व ट्रॉफी प्रदान की गई। मझिगांवा टीम के गोलकीपर अभिषेक को मैन ऑफ द मैच और सेतो घटहुआँ टीम के गोलकीपर गोलू को मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला।कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति एवं स्थानीय खेल प्रेमियों की अहम भूमिका रही। मौके पर हजारों की संख्या में दर्शक उपस्थित थे।

