कांडी(गढ़वा):प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में शनिवार को कांडी पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यशाला में छात्राओं को वर्तमान समय की चुनौतियों और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ मुखर होने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों की गरिमामय उपस्थिति में थाना प्रभारी ने छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा के प्रति विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अनजान फोन कॉल या सोशल मीडिया के झांसे में नहीं आएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बाल विवाह, मद्य निषेध और डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि समाज को इन बुराइयों से मुक्त कराने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और अपने परिजनों को भी इसके लिए जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।थाना प्रभारी ने छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि पुलिस हमेशा उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है, जरूरत है तो सिर्फ अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की। इस पहल की विद्यालय प्रबंधन समिति एवं स्थानीय प्रबुद्धजनों ने सराहना की है।

