गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र के कदवा गांव निवासी पशुपालक शिवनारायण यादव ने अपनी 11 भैंसों के लापता होने के मामले में धुरकी थाना में सनहा दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस से भैंसों की खोजबीन कर उन्हें वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
दर्ज आवेदन के अनुसार, 13 जुलाई को उनकी सभी भैंसें अपने बच्चों के साथ चरते-चरते खाला गांव स्थित अहरा की ओर चली गई थीं। इसके बाद से सभी भैंसें रहस्यमय ढंग से गायब हो गईं। सिवनारायण यादव ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने अपने स्तर पर लगातार आसपास के गांवों और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक भैंसों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
उन्होंने कहा कि उनका परिवार पूरी तरह से पशुपालन पर निर्भर है और भैंस पालन ही उनकी आजीविका का एकमात्र साधन है। एक साथ 11 भैंसों के गायब होने से परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि भैंसों की चोरी भी हो सकती है, इसलिए पुलिस मामले की गंभीरता से जांच करे।
पशुपालक ने थाना प्रभारी से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर भैंसों की खोज कराने की अपील की है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो गरीब किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

