बड़गड़ थाना क्षेत्र में रविवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इलाके मे सनसनीखेज वारदात थाना क्षेत्र के सालो जंगल स्थित ललमटिया मोड़ के समीप सुबह करीब 10:30 बजे हुई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने मौके से तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा और मृतक की T V S अपाची मोटरसाइकिल (संख्या- JH 20 F 8585) बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान दीपक कुजूर (35) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सिमडेगा जिले का निवासी था और वर्तमान में रामकंडा थाना क्षेत्र के बरवा गांव स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। जानकारी के अनुसार दीपक अपाची बाइक से भंडरिया से बड़गड की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक अन्य मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधियों ने उसका पीछा किया। ललमटिया मोड़ के पास अपराधियों ने उसे रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही बड़गड़ थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल दीपक कुजूर को तत्काल इलाज के लिए भंडरिया अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों के सामने दीपक कुजूर अपनी जान की भीख मांग रहा था। वह बार-बार कह रहा था, “हम दे देंगे सर, मत मारिए।” प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक अपराधी ने पहले दो राउंड हवा में फायरिंग की, उसके बाद दीपक की कनपटी पर गोली मार दी। दोनों अपराधी बिना चेहरा ढके मुख्य सड़क पर वारदात को अंजाम देकर आराम से फरार हो गए। प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे लेन-देन का विवाद होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना की सूचना पर रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) रोहित रंजन सिंह भी घटनास्थल पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सुबह लगभग 10:30 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सड़क किनारे गंभीर अवस्था में पड़ा है। राहगीरों ने गोली चलने की आवाज सुनने की जानकारी दी थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले का अनुसंधान जारी है और जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है। इधर, बड़गड़ थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्य ने बताया कि घटनास्थल से मृतक की अपाची मोटरसाइकिल के अलावा हत्या में प्रयुक्त तीन जिंदा कारतूस एवं दो खोखा बरामद किए गए हैं। पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी अभियान चला रही
है,।

