खरौंधी प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, खरौंधी की कक्षा 6 एवं 7 की दर्जनों छात्राओं की शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ जाने से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। छात्राओं की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें तत्काल भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की टीम द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के विधायक अनंत प्रताप देव, दीपक प्रताप देव समेत कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल एवं विद्यालय पहुंचे तथा छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली। अधिकारियों ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।
बीमार छात्राओं ने आरोप लगाया कि मोहर्रम पर्व को लेकर बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण उन्हें ठंडा एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं कराया जा सका। मजबूरी में छात्राओं को विद्यालय परिसर में लगे सेंटेक्स टंकी का पानी पीना पड़ा, जिसके बाद उनकी तबीयत खराब हो गई। छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि रसोईघर में लगे समरसेबल पंप के स्विच वाले कमरे में ताला बंद रहने के कारण स्वच्छ पानी की व्यवस्था नहीं हो सकी। छात्राओं ने विद्यालय में अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी और वार्डन की कार्यशैली को लेकर भी नाराजगी जताई। इस घटना के बाद अभिभावकों में चिंता का माहौल है।
भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. दिनेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दूषित पानी पीने से जुड़ा प्रतीत होता है। हालांकि, छात्राओं के बीमार होने के वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी छात्राओं की स्थिति चिकित्सकीय निगरानी में है।

