श्री बंशीधर नगर : अंतरराष्ट्रीय भोजपुरी संगम भारत, राष्ट्रीय कला सेवा संस्थान की झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं श्री बंशीधर नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष विजयालक्ष्मी देवी ने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एवं पद्म भूषण महेंद्र सिंह धोनी से रांची स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान उन्होंने धोनी को बुके भेंट की।
विजयालक्ष्मी ने महेंद्र सिंह धोनी को अंतरराष्ट्रीय भोजपुरी संगम की ओर से भोजपुरी भाषा, लोक-कला एवं संस्कृति के संरक्षण को लेकर किये जा रहे कार्यों की जानकारी दी। साथ ही झारखंड में ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने एवं लोक कलाकारों को प्रोत्साहन देने के लिये चलाये जा रहे अभियानों पर भी चर्चा की। इस अवसर पर विजयालक्ष्मी देवी ने कहा कि माही ने क्रिकेट के मैदान में अपने शांत स्वभाव और नेतृत्व क्षमता से न केवल झारखंड का, बल्कि पूरे भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है। झारखंड की माटी के लाल ने पूरी दुनिया में डंका बजाया है, यह हम सभी झारखंडवासियों के लिये गर्व का विषय है। उधर टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने संगठन के कार्यों की सराहना करते हुये झारखंड की लोक संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिये शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि झारखंड की मिट्टी में प्रतिभा की कमी नहीं है, बस सही दिशा और अवसर देने की जरूरत है।

