श्री बंशीधर नगर: विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर खेलो इंडिया अस्मिता महिला साइकिलिंग सिटी लीग का आयोजन 11 जून को श्री बंशीधर नगर में किया जाएगा। इस संबंध में जिला साइकिलिंग संघ के सचिव अरविंद कुमार दुबे ने प्रशासन को सूचना देते हुए आवश्यक अनुमति एवं सहयोग का अनुरोध किया है।
आयोजन प्रभारी विशाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता 11 जून 2026 को सुबह 5:00 बजे से 7:00 बजे तक आयोजित होगी। साइकिल रैली एवं प्रतियोगिता का मार्ग कचहरी परिसर से जंगीपुर पावर हाउस तक निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, फिटनेस को बढ़ावा देना तथा साइकिलिंग संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य रूप से झामुमो नेता दीपक प्रताप देव, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा, एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, सीओ विकास सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। आयोजन को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। अनुमंडल पदाधिकारी, श्री बंशीधर नगर द्वारा अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी नगर उंटारी तथा अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक को पत्र भेजकर कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियंत्रण एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिला साइकिल खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों के शामिल होने की संभावना है। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

