श्री बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर के प्रतिष्ठित परिवार की बहू अनिता कुमारी ने साईकोलॉजी विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। बभनी गांव निवासी रवींद्र प्रताप देव के पुत्र अनूप देव उर्फ विक्की देव की पत्नी अनिता अब डॉ अनिता कुमारी के नाम से जानी जाएंगी। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। जानकारी के अनुसार डॉ अनिता कुमारी शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गया जिला में हुई। इसके बाद उन्होंने मगध यूनिवर्सिटी से स्नातक तथा नीपी यूनिवर्सिटी से साईकोलॉजी में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। शिक्षा के प्रति निरंतर समर्पण और मेहनत के बल पर उन्होंने रामचंद्र चंद्रवंशी यूनिवर्सिटी से मनोविज्ञान विषय में पीएचडी की उपाधि हासिल की। डॉ अनिता कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पति अनूप देव उर्फ विक्की देव तथा ससुर रवींद्र प्रताप देव को देते हुये कहा कि परिवार के सहयोग, विश्वास और प्रोत्साहन ने उन्हें हर कदम पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, धैर्य और परिवार का साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने की सबसे बड़ी ताकत होती है। डॉ अनिता की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षाविदों, सामाजिक लोगों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुये उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता क्षेत्र की बेटियों और महिलाओं के लिये भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।

