श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): गढ़वा पुलिस ने अपहरण और फिरौती मांगने के एक सनसनीखेज मामले का महज पांच घंटे के भीतर खुलासा करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार दबिश के कारण अपहरणकर्ताओं को युवक को छोड़कर फरार होना पड़ा। जानकारी के अनुसार, अपहृत युवक की पहचान मुरारी तिवारी (32) के रूप में हुई है, जो एलएंटी कंपनी में पाइप फिटर के पद पर कार्यरत हैं। घटना 3 जून की दोपहर की बताई जा रही है। मुरारी तिवारी सगमा स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के समीप कार्य कर रहे थे। इसी दौरान सफेद रंग की बोलेरो में सवार छह अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और हथियार के बल पर उनका अपहरण कर लिया।
अपहरण के बाद अपराधियों ने परिजनों से मुरारी तिवारी की रिहाई के एवज में साढ़े सात लाख रुपये की फिरौती की मांग की। इतना ही नहीं, अपराधियों ने परिजनों को धमकाकर ऑनलाइन स्कैनर के माध्यम से 30 हजार रुपये भी मंगवा लिए। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर त्वरित कार्रवाई शुरू की। जांच के क्रम में पुलिस ने मझिआंव थाना क्षेत्र के चंदना गांव में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने शेख अंसार और नदीम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने परिजनों से ऑनलाइन माध्यम से 30 हजार रुपये लेने की बात स्वीकार की। साथ ही उन्होंने घटना में शामिल अन्य अपराधियों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को दी। एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने बताया कि पुलिस की लगातार दबिश और संभावित गिरफ्तारी के डर से अपहरणकर्ताओं में हड़कंप मच गया। पुलिस कार्रवाई तेज होते ही अपराधियों ने अपहृत मुरारी तिवारी को चंदना और रमना के बीच छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस संबंध में धुरकी थाना में कांड संख्या 66/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इस सफल अभियान में एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार आजाद, पुलिस निरीक्षक बृज कुमार, भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन, मझिआंव थाना प्रभारी अमित कुमार, हरिहरपुर ओपी प्रभारी नसीम अंसारी, धुरकी थाना के पदाधिकारी सुभाषकांत अकेला, शेखर कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल थे । पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

