बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के कुंबा गांव में गुरुवार की सुबह में हुई बाईक दुर्घटना में लालमोहन उरांव नामक एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के विषय में मिली जानकारी के अनुसार सभी लोग गांव में ही बाईक से घूम रहे थे। इसी बीच लोगों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई जिससे गांव के ही लालमोहन उरांव (55 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।जबकि चार लोग महेंद्र उरांव पिता संजय उरांव, अवधेश उरांव पिता कैलाश उरांव, बलराम उरांव पिता फुरा उरांव, राम कुमार पिता राजेंद्र उरांव गंभीर रूप से घायल हो गये। सभी घायल कुंबा गांव के ही रहने वाले हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को इलाज के लिये अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों महेंद्र उरांव, अवधेश उरांव एवं बलराम उरांव की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिये गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। रेफर होने के बाद अस्पताल से एम्बुलेंस नहीं मिलने पर आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया। बाद में लोगों के द्वारा अस्पताल में एम्बुलेंस नहीं होने की जानकारी देने के बाद आक्रोशित लोग शांत हो गये और प्राईवेट वाहन मंगाकर मरीज को लेकर बाहर चले गये।उधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया। वहीं हादसे के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोग मृतक के घर पहुंच कर सांत्वना दे रहे हैं।

