मेराल(गढ़वा):प्रखंड के कुंभी गांव में रेलवे अंडरपास की समस्या को लेकर क्षेत्रीय विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने गुरुवार को गांव में पहुंचकर ग्रामीणों के साथ बैठक की। ग्रामीणों के आमंत्रण पर पहुंचे विधायक ने चौपाल में बैठकर लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनकी परेशानियों की जानकारी ली।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने रेलवे अंडरपास से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। समस्या की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने मौके से ही संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर आवश्यक निर्देश दिए तथा जल्द से जल्द स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
विधायक ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि रेलवे अंडरपास की समस्या के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। साथ ही कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याएं उनकी अपनी समस्याएं हैं और उनके निराकरण के लिए वे हमेशा जनता के साथ खड़े हैं। मौके पर अजय विश्वकर्मा, भरत चौधरी, चंदेश्वर चौधरी, भोला चौधरी, बलि चौधरी, सतेंद्र चौधरी, विक्रम विश्वकर्मा, नीतीश सिंह, वार्ड सदस्य नितेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में महिला व पुरुष शामिल थे।

