मझिआंव (गढ़वा):निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण केंद्र यूआईएसएस बिरसा, मझिआंव द्वारा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में केंद्र के असिस्टेंट मैनेजर सतीश वर्मा, सभी प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर नगर पंचायत क्षेत्र में भ्रमण किया तथा लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। इस अवसर पर “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “नशा मुक्त भारत, स्वस्थ भारत”, “नशा है बीमारी, इससे दूरी है समझदारी” जैसे कई नारे लगाए गए।कार्यक्रम के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार और समाज को भी नशा मुक्त बनाने में सहयोग करें। वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए हानिकारक है तथा युवाओं को इससे बचाकर ही एक स्वस्थ और विकसित समाज का निर्माण किया जा सकता है। रैली का उद्देश्य युवाओं एवं आम लोगों के बीच नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाना था। कार्यक्रम का समापन नशा मुक्त समाज के संकल्प के साथ किया गया।

