केतार(गढ़वा):प्रखंड क्षेत्र के बलिगढ़ पंचायत अंतर्गत दासीपुर गांव में सोमवार की शाम एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल ले जाते समय एक विवाहिता सुनीता देवी (22 वर्ष) और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई।प्रात जानकारी के अनुसार दासीपुर निवासी छोटू साव की पत्नी सुनीता देवी को सोमवार शाम अचानक प्रसव पीड़ा हुई।परिजनों ने उसे तुरंत मुकुंदपुर स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया।परिजनों ने हिम्मत नहीं हारी और उसे लेकर गढ़वा के लिए निकले। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में सुनीता देवी और उसके नवजात बच्चे ने दम तोड़ दिया। यह सूचना मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बता दें कि सुनीता देवी और छोटू साव की शादी करीब एक वर्ष पूर्व ही हुई थी। जिस घर में बीते वर्ष शहनाई बजी थी और खुशियों का माहौल था, आज वहां मातम पसरा हुआ है। इस हृदयविदारक घटना से न केवल परिवार, बल्कि पूरे बलिगढ़ पंचायत और दासीपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं।

