
धुरकी(गढ़वा):धुरकी थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध सुखलदरी वाटर फॉल में नहाने के दौरान एक 17 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान छोटू कुमार, पिता सत्येंद्र साह, निवासी छेछा, थाना बरवाडीह, जिला लातेहार के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने रिश्तेदार के घर डंडई थाना क्षेत्र के सोनेहारा गांव आया हुआ था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबा युवक
जानकारी के अनुसार, रविवार को छोटू कुमार अपने कुछ दोस्तों के साथ सुखलदरी वाटर फॉल घूमने गया था। घूमने के दौरान सभी युवक झरने में नहाने लगे। इसी क्रम में छोटू अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथियों द्वारा शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना धुरकी थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जनार्दन राउत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। कई घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका। अंततः करीब 18 घंटे की लगातार खोजबीन के बाद उसका शव झरने के गहरे पानी से बरामद किया गया।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं :- शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। गौरतलब है कि सुखलदरी वाटर फॉल में डूबने की यह पहली घटना नहीं है।
करीब एक वर्ष पूर्व खाला गांव के एक युवक की भी यहां नहाने के दौरान मौत हो गई थी। वहीं चार वर्ष पहले गढ़वा से पिकनिक मनाने आए एक युवक की भी डूबने से जान चली गई थी। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, खतरनाक क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कराने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।

