केतार(गढ़वा):बंशीधर नगर-भवनाथपुर मुख्य मार्ग पर दहेड़िया के समीप हुए भीषण सड़क हादसे के जख्म अभी भरे भी नहीं थे कि बुधवार को एक और दुखद खबर ने क्षेत्र को झकझोर दिया। इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल छाताकुंड निवासी कमलेश यादव का रांची के रिम्स (RIIMS) में इलाज के दौरान निधन हो गया। इसके साथ ही इस हृदयविदारक घटना में जान गंवाने वालों की कुल संख्या अब चार हो गई है।
विधायक ने साझा किया दुख, कहा- ‘हर संभव मदद को तैयार’
बुधवार को विधायक अनंत प्रताप देव विशेष रूप से छताकुंड गांव पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।शोकाकुल परिवार के बीच बैठकर उन्होंने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। विधायक ने मौके पर ही पीड़ित परिवारों को निजी स्तर पर आर्थिक सहयोग प्रदान किया और भविष्य में भी हर संभव प्रशासनिक व निजी सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने घायलों के बेहतर उपचार को लेकर जिला प्रशासन से भी समन्वय स्थापित करने की बात कही।
खुशियां मातम में बदलीं: छेका करने जा रहे थे ग्रामीण
उल्लेखनीय है कि विगत दिनों छाताकुंड गांव के ग्रामीण एक टेंपो पर सवार होकर लड़की का ‘छेका’ करने जा रहे थे। इसी दौरान दहेड़िया के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप वैन ने टेंपो को सीधी टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही तीन लोगों की जान चली गई थी, जबकि लगभग एक दर्जन लोग लहूलुहान हो गए थे।बुधवार को कमलेश यादव की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे छाताकुंड में मातम पसर गया। गांव की गलियों में सन्नाटा है और हर आंख नम है। विधायक के दौरे के दौरान ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा और घायलों के उचित मुआवजे की भी मांग उठाई। विधायक ने आश्वासन दिया कि वे दुख की इस घड़ी में पीड़ितों के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं।

