बंशीधर नगर (गढ़वा):बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल सिरियाटोंगर में तीन दिवसीय सॉकर रोबोटिक्स कार्यशाला का शुभारंभ रविवार को हुआ। कार्यशाला का शुभारंभ स्कूल के निदेशक मनीष सिंह ने दीप जलाकर किया। कार्यशाला में बिरला स्कूल के साथ साथ श्री बंशीधर नगर, गढ़वा एवं मेदिनीनगर के प्रतिष्ठित स्कूलों आरके पब्लिक स्कूल, एमके इंटरनेशनल स्कूल, भवनाथपुर डीएवी सेंट पब्लिक स्कूल, शांति निवास स्कूल गढ़वा एवं हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल डाल्टनगंज के बच्चे हिस्सा ले रहे हैं।कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्रों को आधुनिक रोबोटिक्स तकनीक, कोडिंग स्किल्स और इनोवेशन से जोड़ना है, ताकि वे भविष्य की तकनीकी दुनिया के लिये तैयार हो सकें। कार्यशाला में दिल्ली से आये विशेषज्ञ प्रशिक्षक गौतम चौधरी (रिसर्च इंजीनियर, टेकरेडियेंस) ने छात्रों को रोबोट बनाने, उसे प्रोग्राम करने और संचालित करने की बारीकियां सिखा रहे हैं।पहले ही दिन छात्रों ने खुद से सरल रोबोट तैयार कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। निदेशक मनीष सिंह ने कहा कि आज के दौर में तकनीकी ज्ञान सफलता की कुंजी है और ऐसी कार्यशालाएं बच्चों के भीतर छिपी रचनात्मकता को उजागर करती हैं। वहीं सह निदेशक युवराज सिंह ने इसे छात्रों के लिये अनमोल अवसर बताया।स्कूल के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने कहा कि संस्था हमेशा छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिये प्रतिबद्ध है। स्कूल के प्रधानाचार्य रविश प्रजापति ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान भी जरूरी है।उन्होंने कहा कि कार्यशाला के आगामी सत्रों में उन्नत रोबोट निर्माण के साथ-साथ रोमांचक सॉकर रोबोट प्रतियोगिता की तैयारी कराई जायेगी, जहां छात्र अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे। कुल मिलाकर यह कार्यशाला न सिर्फ तकनीकी सीख का मंच बन रही है, बल्कि छात्रों के सपनों को पंख देने का भी काम कर रही है। कार्यशाला में बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद थे।

