कांडी(गढ़वा):प्रखंड कार्यालय को कांडी मुख्य बाजार से लगभग 10 किलोमीटर दूर गरदाहा गांव में स्थानांतरित करने के प्रस्ताव को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। इस संबंध में जिला परिषद सदस्या सुषमा कुमारी ने उपायुक्त गढ़वा को आवेदन देकर निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है। अपने आवेदन में उन्होंने कहा है कि कांडी प्रखंड की कुल जनसंख्या लगभग 1 लाख 7 हजार है, जिनमें से अधिकांश लोग प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक कार्यों के लिए कांडी मुख्य बाजार तथा उसके आसपास के क्षेत्रों पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में प्रखंड कार्यालय को मुख्य बाजार से दूर दुर्गम क्षेत्र में स्थानांतरित किए जाने से आम जनता को अपने दैनिक सरकारी कार्यों के लिए अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे समय, धन और संसाधनों की अनावश्यक बर्बादी के साथ-साथ लोगों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। जिप सदस्य ने कहा कि कांडी मुख्य बाजार प्रखंड क्षेत्र का प्रमुख केंद्र है, जहां से अधिकांश पंचायतों के लोगों का आवागमन अपेक्षाकृत आसान और सुविधाजनक है। इसलिए जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रखंड कार्यालय का निर्माण कांडी मुख्य बाजार के समीप ही किया जाना अधिक उपयुक्त होगा।उन्होंने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि प्रखंड मुख्यालय के पास ही सरकारी भूमि उपलब्ध है, जहां कार्यालय का निर्माण कराया जा सकता है। इसमें खाता संख्या 240, प्लॉट संख्या 578, रकबा 1.21 एकड़; खाता संख्या 240, प्लॉट संख्या 587, रकबा 2.5 एकड़; खाता संख्या 748, रकबा 1.21 एकड़ तथा खाता संख्या 749 में 1.93 एकड़ भूमि उपलब्ध बताई गई है। उन्होंने अंचलाधिकारी को निर्देशित कर उक्त भूमि का सर्वे कराकर प्रखंड कार्यालय निर्माण कराने का सुझाव दिया है। साथ ही उन्होंने प्रशासन से कांडी प्रखंड को दो भागों में कांडी तथा गरदाहा में विभाजित करने पर भी विचार करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र की बढ़ती आबादी और प्रशासनिक कार्यों को देखते हुए लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।

