विशुनपुरा प्रखंड में प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। प्रखंड प्रमुख दीपा कुमारी ने अनुमंडल पदाधिकारी को पत्र लिखकर अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी खगेश कुमार के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाए हैं।पत्र में प्रमुख ने आरोप लगाया है कि वर्तमान बीडीओ-सह-अंचलाधिकारी की सुस्त, भ्रष्ट एवं लापरवाह कार्यशैली के कारण प्रखंड क्षेत्र का विकास बाधित हो रहा है। साथ ही सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय के प्रति प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।प्रमुख के अनुसार, पंचायत जनप्रतिनिधियों को दिए गए अधिकारों का हनन किया जा रहा है, जनहित से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आम लोगों की भावनाएं आहत हो रही हैं। ऐसी स्थिति को प्रखंड हित के खिलाफ बताते हुए उन्होंने इसे अब असहनीय करार दिया है।इसी के विरोध में 13 अप्रैल क़ो प्रखंडवासियों ने तिरंगा यात्रा, कैंडल मार्च और पुतला दहन करने का निर्णय लिया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत कैंडल मार्च लाल बच्चा पेट्रोल पंप से संध्या मोड़ तक निकाला जाएगा, जबकि पुतला दहन लाल चौक पर किया जाएगा।प्रमुख दीपा कुमारी ने अनुमंडल पदाधिकारी से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से तिरंगा यात्रा, कैंडल मार्च एवं पुतला दहन की अनुमति देने का अनुरोध किया है।

