कांडी(गढ़वा):मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद गढ़वा जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की त्वरित सक्रियता देखने को मिली। ग्राम डुमरसोता निवासी भीम शर्मा, जो गंभीर मोटर न्यूरॉन रोग से पीड़ित हैं, उनके इलाज के लिए महज 24 घंटे के भीतर एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिविल सर्जन के निर्देश पर अस्पताल में मरीज का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया गया है। चिकित्सकों ने बताया कि बेहतर इलाज के लिए मरीज को जल्द ही राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रांची रेफर किया जा सकता है, जहां उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। इस पूरे मामले में समाजसेवी सह दृष्टि यूथ ऑर्गेनाइजेशन के प्रधान सचिव शशांक शेखर की पहल महत्वपूर्ण रही। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से मदद की अपील की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल गढ़वा उपायुक्त को आवश्यक निर्देश दिए, जिसके बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और मरीज के इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

